पांच लाख का इनामी माओवादी सब जोनल कमांडर ने किया आत्मसमर्पण!
पलामू : बूढ़ा पहाड़ इलाके में सक्रिय माओवादी सब जोनल कमांडर संतू भुइयां उर्फ संतोष भुइयां उर्फ धनंजय भुइयां ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। झारखंड सरकार ने इस पर पांच लाख का इनाम घोषित किया है। वह पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के करकट्टा पंचायत के सियर भोंका का रहने वाला है।
लातेहार की ताज़ा ख़बरों के लिए व्हाट्सप्प ग्रुप ज्वाइन करें
सरेंडर करने के बाद संतू से पुलिस के आला अधिकारी अज्ञात स्थान पर रखकर पूछताछ कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि उसने सुरक्षाबलों को नक्सल गतिविधियों की जानकारी दी है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अगले कुछ दिनों में उसके आत्मसमर्पण की विधिवत आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
आपको बता दें कि पिछले दो महीने से पुलिस माओवादियों के खिलाफ बूढा पहाड़ इलाके में ऑपरेशन ऑक्टोपस चला रही है। इस अभियान के दौरान संतू बूढ़ा पहाड़ के इलाके से फरार हो गया। बूढ़ा पहाड़ का इलाका छोड़ने के बाद वह लातेहार, लोहरदगा और गुमला के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय था। जानकारी के मुताबिक, माओवादियों ने प्रेम प्रसंग के चलते संगठन में संतू का पद छोटा कर दिया था। संतू का ससुराल भी बूढ़ा पहाड़ इलाके में है।