नये मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने बुलायी कैबिनेट की बैठक, तीन प्रस्ताव पारित
राज्यपाल ने विधानसभा का विशेष सत्र आहूत करने की दी मंजूरी
रांची : झारखंड के नये मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की अध्यक्षता में शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक हुई। कैबिनेट में फिलहाल उन्हें मिलाकर तीन मंत्री हैं। बैठक में विधानसभा का विशेष सत्र आहूत करने के फैसले पर मुहर लगी। साथ ही तीन प्रस्ताव पारित हुए। पूर्व निर्धारित नौ फरवरी से 29 फरवरी के बजट सत्र को विलोपित (रद्द) करने का निर्णय लिया गया। झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र पांच और छह फरवरी को बुलाया गया है। इसी दिन सत्ता पक्ष फ्लोर टेस्ट करेगा। राज्यपाल का अभिभाषण भी होगा। दूसरे दिन अभिभाषण पर वाद-विवाद होकर सत्र समाप्त होगा।
पांच और छह फरवरी को विधानसभा का दो दिन का विशेष सत्र
राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने विधानसभा का विशेष सत्र पांच फरवरी से आहूत करने की मंजूरी दे दी है। सत्र की शुरूआत पांच फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे होगी। विशेष सत्र दो दिन पांच व छह फरवरी को होगा। पहले दिन चम्पाई सोरेन सरकार बहुमत साबित करेगी। इस संबंध में राजभवन सचिवालय की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। राजीव रंजन को महाधिवक्ता बनाया गया है। यह जानकारी कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने दी।
गौरतलब है कि गठबंधन की सरकार 47 विधायकों का दावा कर रही है लेकिन कागज पर हस्ताक्षर 43 विधायकों के हैं। झारखंड विधानसभा 81 सीटों वाली है। बहुमत साबित करने के लिए सत्ता पक्ष को 41 विधायकों की जरूरत है।
Jharkhand Cabinet Meeting Today