लातेहार: बारियातू में पेड़ से लटका मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
शशि भूषण गुप्ता/बालूमाथ
लातेहार : बालूमाथ पुलिस अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत बारियातू थाना पुलिस ने शुक्रवार को थाना क्षेत्र के हिसरी गांव अंतर्गत खौरा टोला स्थित बांझी कुसुम जंगल में महुआ के पेड़ से लटका हुआ एक महिला का शव बरामद किया है। महिला की पहचान हिसरी गांव निवासी मनोज गंझू की पत्नी मीना देवी (30) के रूप में की गयी।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मृतक मीना देवी अपने पति मनोज गंझू के साथ मंगलवार को अपनी मायके हेरहंज प्रखंड के सलैया पंचायत अंतर्गत जमुआ गांव गयी थी। दोनों पति-पत्नी गुरुवार को सरहुल पर्व के लिए घर लौट रहे थे। इसी बीच पति मनोज गंझू हेरहंज में सरहुल के अवसर पर आयोजित मेला देखने के लिए रुक गया और मृतिका मीना देवी अकेले ही अपने घर हिसारी के लिए निकल गयी। लेकिन गुरुवार की देर रात तक वह घर नहीं पहुंची।
इसी बीच शुक्रवार को महुआ चुनने वाले ग्रामीणों ने बांझी कुसुम जंगल के पास महुआ के पेड़ से एक शव लटका हुआ देखा। जिसकी सूचना बरियातू थाना प्रभारी को दी गयी। परिजनों के अनुसार मृतक मीना देवी की मानसिक स्थिति पिछले एक साल से ठीक नहीं थी।
इधर, थाना प्रभारी राजा दिलावर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल मृतका के शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए लातेहार भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Bariyatu Latehar Latest News