बालूमाथ: तालाब में मछली पकड़ने गये युवक को सांप ने काटा, हालत बिगड़ी
शशि भूषण गुप्ता/बालूमाथ
लातेहार : बालूमाथ पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के शिबला गांव में गुरुवार को तालाब में मछली पकड़ने गये एक युवक को मछली पकड़ना महंगा पड़ गया। तालाब में मछली पकड़ने के दौरान उसे किसी जहरीले सांप ने काट लिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गयी। गंभीर हालत में उसे बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉ. प्रकाश बढ़ाइक ने उसका इलाज किया। यह घटना शिबला गांव निवासी मोहम्मद निसार के 18 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अंजर के साथ घटी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक अपने अन्य दोस्तों के साथ गांव के एक तालाब में मछली पकड़ने गया था, तभी मछली पकड़ने के दौरान उसने पानी के अंदर मछली की जगह सांप को पकड़ लिया। इसी दौरान सांप ने उसके हाथ-पैर में काट लिया। जिससे वह बेहोश हो गया। उसे गंभीर हालत में बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।
Balumath Latehar Latest News