लातेहार: ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंदा, पुत्र की मौत, पिता समेत दो घायल
Latehar Bike Accident News
लातेहार: रांची-डाल्टनगंज मुख्य मार्ग एनएच-75 पर सदर थाना क्षेत्र के डुडंगी कला गांव स्थित एस्सार पेट्रोल पंप के पास गुरुवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आने से प्रवेश सिंह की मौत हो गयी, जबकि उनके पिता विशेश्वर सिंह और रामू परहिया घायल हो गये।
लातेहार, पलामू और गढ़वा की ताज़ा ख़बरों के लिए व्हाट्सप्प ग्रुप ज्वाइन करें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक प्रवेश सिंह विशेश्वर सिंह का पुत्र था, जो अपने गांव (सिकिद, लावागड़ा, हेरहंज) से आया था। प्रवेश सिंह अपने पिता का इलाज लातेहार सदर अस्पताल से कराकर घर लौट रहा था। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे और लातेहार से मनिका की ओर जा रहे थे। एस्सार पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक को ओवरटेक कर बाइक पार करने लगे, तभी अचानक सामने से एक ट्रक आ गया। बाइक चला रहे प्रवेश का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक की चपेट में आ गया।
मौके पर मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज सिंह व मंडल अध्यक्ष प्रमोद प्रसाद ने सभी को एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है। ट्रक के चालक और सह चालक मौके से फरार हो गये। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Latehar Bike Accident News