Breaking :
||लातेहार: लोकसभा चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने साझा की जानकारी, कहा…||पलामू: बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, 12 लोग घायल, सड़क निर्माण कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों में रोष||पलामू: मजदूरों को ले जा रही पिकअप वैन पलटी, एक की मौत, दस से अधिक घायल, सड़क जाम||झारखंड में हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट जारी, 30 अप्रैल तक घर से नहीं निकलने की चेतावनी||लातेहार: टैंकर और बाइक की सीधी टक्कर में बाइक सवार घायल, हेलमेट ने बचायी जान||चतरा लोकसभा: भाजपा प्रत्याशी कालीचरण सिंह ने दाखिल किया नामांकन, प्रदेश के कई बड़े नेता हुए शामिल||चतरा से कांग्रेस उम्मीदवार केएन त्रिपाठी 30 को करेंगे नामांकन||चतरा से भाजपा उम्मीदवार कालीचरण सिंह 26 को दाखिल करेंगे नामांकन||पलामू लोकसभा: अंतिम दिन तीन उम्मीदवारों ने किया नामांकन, कुल 11 ने भरा पर्चा||पलामू में 490 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कैश समेत अन्य सामान बरामद
Saturday, April 27, 2024
BIG BREAKING - बड़ी खबरचतराझारखंड

गैर भोक्ता समाज में बेटे की शादी करने पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता को खरवार भोक्ता समाज ने किया बहिष्कृत

मंत्री सत्यानंद भोक्ता के घर में आयोजित शादी-विवाह, मरनी-जीनी व किसी भी सामाजिक कार्य में शामिल नही होने का लिया निर्णय

चतरा : खरवार भोक्ता समाज विकास संघ की बैठक रविवार की देर शाम प्रखंड कार्यालय के पास स्थित नीलांबर पीतांबर भवन में हुई। इसकी अध्यक्षता खरवार भोक्ता समाज विकास संघ के जिला अध्यक्ष जगदीश सिंह भोक्ता ने की। जबकि बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष कामेश्वर भोक्ता ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में खरवार भोक्ता समाज विकास संघ के केंद्रीय अध्यक्ष दर्शन गंझू व विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय उपाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता, केंद्रीय सदस्य नरेश गंझू उपस्थित थे।

बैठक में कई अहम निर्णय लिए गये। जिसमें मुख्य रुप से झारखंड सरकार के श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री सत्यानंद भोक्ता के खिलाफ कड़ी निंदा का प्रस्ताव लाया गया। जिसमें कहा गया कि मंत्री सत्यानंद भोक्ता मंत्री पद का गलत उपयोग कर अपने पुत्र का विवाह जानबूझकर गैर समाज की लड़की से करवा रहे हैं। ऐसा कर मंत्री समाज का पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। जो समाज के विरुद्ध एक चुनौती है। मंत्री सत्यानंद भोक्ता अपने मंत्री पद का गलत प्रयोग कर समाज को हमेशा नुकसान पहुंचाने का कार्य करते रहे हैं। इसलिए समाज अपने सामाजिक व्यवस्था के अनुरूप निर्णय लेते हुए मंत्री एवं मंत्री के पूरे परिवार को समाज की ओर से सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लेता है।

सामाजिक निर्णय के तहत उनके घर परिवार से तालुकात नहीं रखा जाएगा। मंत्री के घर मरनी, जीनी, शादी विवाह सहित हर समाजिक कार्यों से समाज दूर रहेगा। मंत्री सत्यानंद भोक्ता से समाज बेटी रोटी का कोई संबंध नहीं रखेगा। मंत्री के घर आयोजित कोई भी सामाजिक कार्यक्रम में जो भी समाज के लोग निर्णय के विरुद्ध जायेंगे, उसे भी सामाजिक बहिष्कार किया जायेगा। चतरा जिला समिति द्वारा की गयी कार्रवाई समाज हित में उचित है। केंद्रीय समिति द्वारा इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए समाज के लोगों को इस निर्णय का पालन करने का निर्देश दिया जाता है।

इसके बाद बैठक में समाज की ओर से रांची में आयोजित खरवार भोक्ता स्वाभिमान सह आभार महारैली कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। महारैली को लेकर जोर शोर से तैयारी करने तथा चतरा जिले से 50 हजार की संख्या में समाज के लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में जिला सचिव विजय कुमार गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार भोक्ता, कार्यकारिणी सदस्य योगेंद्र भोक्ता, छोटू भोक्ता, वासुदेव गंझू, मारडी गंझू सहित सभी कई प्रखंडों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

समाज मंत्री पद का नहीं मंत्री के कृत्य का कर रहा विरोध : जगदीश सिंह भोक्ता

खरवार भोक्ता विकास संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह भोक्ता ने कहा कि भोक्ता समाज मंत्री पद का विरोध नहीं कर रहा है। मंत्री सत्यानंद भोक्ता के कृत्य का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी समाज में शादी विवाह के लिए एक व्यवस्था निर्धारित की गयी है। मंत्री सत्यानंद भोक्ता इस सामाजिक व्यवस्था को तोड़ रहे हैं। समाज के सभी लोग अगर इस तरह से गैर समाज में शादी करने लगेंगे तो ना तो समाज बचेगा और ना ही सामाजिक समरसता। इसलिए ऐसे कृत्य करने वालों का सामाजिक बहिष्कार होना जरूरी है। चाहे वह मंत्री हो या संतरी।

भोक्ता, मतलब सत्यानंद भोक्ता होता है और मैं स्वयं भोक्ता समाज का केंद्रीय अध्यक्ष हूं : सत्यानंद भोक्ता

भोक्ता समाज की ओर से सामाजिक रूप से बहिष्कृत किये जाने पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि झारखंड में भोक्ता की पहचान सत्यानंद भोक्ता से है। भोक्ता का मतलब सत्यानंद भोक्ता होता है और वह स्वयं भोक्ता समाज के केंद्रीय अध्यक्ष हैं। भोक्ता समाज के प्रदेश अध्यक्ष साहेब राम भोक्ता हैं। जबकि जिलाध्यक्ष सरोज भोक्ता है। जो लोग उन्हें समाज से बहिष्कृत कर रहे हैं वे लोग स्वयं भोक्ता समाज से बहिष्कृत हैं। उनके शादी समारोह में भोक्ता सामाज के साथ साथ सभी समाज के लोग शामिल हो रहे हैं।

घृतढ़ारी व प्रीतिभोज कारी में, आठ को गिरिडीह में होगी शादी

मंत्री सत्यानंद भोक्ता के तृतीय सुपुत्र मुकेश भोक्ता की शादी गिरिडीह के प्रकाश बैठा की पुत्री रश्मि कुमारी के साथ हो रही है। पांच दिसंबर को लग्न की रस्म पूरी हुई। छह दिसंबर को मड़वा व हल्दी लेपन का कार्यक्रम भी संपन्न हो गया। सात दिसंबर को मंत्री सत्यानंद भोक्ता के पैतृक आवास कारी गांव में घृतढ़ारी एवं प्रीतिभोज का आयोजन किया गया है। जबकि आठ दिसंबर को कारी गांव से गिरिडीह के लिए बरात निकलेगी। गिरिडीह के सीहोडीह में आशीर्वाद रिसोर्ट में शादी का कार्यक्रम निर्धारित है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शादी समारोह में होंगे शामिल

झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंत्री सत्यानंद भोक्ता के बेटे मुकेश भोक्ता के शादी समारोह में शामिल होने के लिए बुधवार को सत्यानंद भोक्ता के पैतृक आवास कारी गांव पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री 1:30 बजे हवाई मार्ग से सीधे कारी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कारी गांव में ही हेलीपैड बनाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मंगलवार की देर शाम डीसी अबू इमरान, एसपी राकेश रंजन सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारी कारी गांव पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों की देखरेख में कारी गांव में हेलीपैड का निर्माण किया जा रहा है।