लातेहार: बाइक में दुपट्टा फंसने से महिला गंभीर रूप से घायल समेत बालूमाथ की तीन ख़बरें
शशि भूषण गुप्ता/बालूमाथ
लातेहार : बालूमाथ-चतरा मार्ग पर बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय के टमटमटोला पेट्रोल पंप के पास बुधवार को चलती बाइक में एक महिला का दुपट्टा फंस जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। महिला की पहचान बारियातू प्रखंड मुख्यालय के बस्ती निवासी अख्तर अंसारी की पत्नी नुसरत खातून के रूप में की गयी। जिसे गंभीर अवस्था में बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टर संजय सिद्धार्थ ने उसका इलाज किया।
इस दौरान घायल नुसरत खातून की गोद में बैठी उनकी एक वर्षीय बच्ची आलिया प्रवीण को भी आंशिक रूप से चोटें आयीं हैं। इस घटना में घायल नुसरत खातून को सांस लेने में कठिनाई हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला अपने मायके हेरहंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नवादा ग्राम से अपने ससुराल पति के साथ बाइक से जा रही थी। इसी दौरान गले में लिपटा दुपट्टा बाइक के चैन में फंस गयी जिससे महिला अनियंत्रित होकर गोद में लिए बच्ची के साथ नीचे गिर पड़ी। फिलहाल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है।

बिल्ली के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल
लातेहार : बारियातू थाना क्षेत्र के फुलसू पंचायत अंतर्गत मुक्की गांव में बिल्ली के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। घायल महिला मुक्की गांव निवासी चंद्रदीप गंझू की पत्नी कंचन देवी है। उसे परिजनों द्वारा बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉ सुरेंद्र कुमार ने उसका इलाज किया। इस दौरान उसे एंटी रैबीज इंजेक्शन दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार महिला अपने घर में सोई हुई थी। इसी दौरान एक बिल्ली ने अचानक उस पर हमला कर दिया। जिससे वह खून से लथपथ हो गयी। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। उसका इलाज बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

बालूमाथ उच्च विद्यालय में छात्रों के बीच साइकिल का वितरण
लातेहार : कल्याण विभाग द्वारा आज बुधवार को बालूमाथ उच्च विद्यालय परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन कर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों की आठवीं कक्षा में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, जनजाति तथा पिछड़ा वर्ग के छात्र छात्राओं के बीच साइकिल वितरण किया गया। साइकिल वितरण का कार्य जिला कल्याण पाधिकारी अनिल कुमार बालूमाथ, बीडीओ सोमा उराँव, उपप्रमुख कामेश्वर राम, बीईईओ निर्मला लता वउच्च विद्यालय की प्राचार्या रूबी बानो ने संयुक्त रूप से किया।
साइकिल वितरण के दौरान कार्यक्रम में किसी तरह की छाया की व्यवस्था नहीं होने के कारण दुर्धरा से आयी छात्राओं को चिलचिलाती धूप होने से उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद प्रखंड उप प्रमुख कामेश्वर राम ने आयोजन कर्ता को छाया और पेयजल की व्यवस्था नहीं रहने पर फटकार लगायी। जिसे देखते हुए उपस्थित जिम्मेवार पदाधिकारी ने अगली बार से उपरोक्त व्यवस्था करने की बात कही।
मौक़े पर प्रखंड उप प्रमुख कामेश्वर राम ने कहा कि साइकिल उपलब्ध होने से दूर दराज के क्षेत्रों से विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं को सुविधा होगी। जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार, बीडीओ सोमा उराँव ने छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन विद्यालय आने व मन लगाकर पढ़ने की बात कही। उन्होंने बताया कि प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में 1700 सौ छात्र- छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराया जायेगा। आज प्रथम दिन बालूमाथ बुनियादी विद्यालय, झाबर उत्क्रमित उच्च विद्यालय और कन्या मध्य विद्यालय बालूमाथ के छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। मौके पर शिक्षक राजकुमार सिंह, सीआरपी अनुपम कुमार, अनूपम, सतेंद्र कुमार, निरंजन कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
Balumath Latehar Latest News