लातेहार के छिपादोहर की रहने वाली थी मृत महिला, सतबरवा में सड़क दुर्घटना का हुई थी शिकार
प्रेम पाठक/सतबरवा
पलामू: जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के कसियाडीह मोड़ पर बीते 21 मार्च को सड़क दुर्घटना में मृत अज्ञात महिला की पहचान एक सप्ताह बाद रविवार को लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के केड़गाड़ी निवासी थकावन भुइयां की पत्नी तेतरी देवी (53) के रूप में हुई है।
महिला की पहचान झोला में सहेज कर रखे गए कपड़ा और अन्य सामान देखने के बाद मृतका के पति, पुत्र दिलदार भुइयां, पुत्री शोभा कुमारी, सकलदीप भुइयां तथा हरातु गांव के सामाजिक कार्यकर्ता युगल किशोर प्रसाद ने सतबरवा थाना में पहचान की।
थानाप्रभारी ऋषिकेश राय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल मारुति वैगन आर वाहन को पुलिस ने कब्जे में लिया है। वही महिला के शव को तीन दिनों तक पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया था। महिला के पहचान नहीं होने के बाद शव को केचकी स्थित औरंगा नदी किनारे दफनाया गया है।
परिजनों ने बताया कि मृतका 21 मार्च को सतबरवा के कमारू गांव अपने बेटी-दामाद के घर जाने के लिए वाहन से निकली थी। कसियाडीह मोड़ के पास वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से जख्मी महिला को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।