बालूमाथ: धान कूटने की मशीन में साड़ी का आंचल फंसने से महिला घायल, रिम्स रेफर
लातेहार : बालूमाथ थाना क्षेत्र के सेमरसोत ग्राम के टेटे टोला में धान कूटने की मशीन में साड़ी का आंचल फंस जाने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी।
बताया जाता है कि टेटे टोला निवासी नीलेश गंझू की पत्नी सुषमा देवी धान कूटने की मशीन में धान डाल रही थी। इसी दौरान उसके साड़ी का आंचल धान कूटने की मशीन में फंस गया। आंचल फंसने की वजह से मशीन ने महिला को अपनी और खींच लिया और वह मशीन से जा टकराई।
इस हादसे में महिला बुरी तरह से जख्मी हो गयी। जिसे परिजनों की सहायता से बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टर पुरुषोत्तम कुमार ने उसका प्राथमिक उपचार किया और उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया।