लातेहार: लॉटरी में बड़ा इनाम जीतने का झांसा देकर बदमाशों ने महिला से की ठगी
लातेहार : चंदवा थाना क्षेत्र के बोदा पंचायत अंतर्गत बियर जंघा गांव निवासी रामलगन गंझू की पत्नी बुधनी देवी के खाते से अज्ञात लोगों द्वारा धोखाधड़ी कर पैसे निकालने का मामला सामने आया है।
लातेहार की ताज़ा ख़बरों के लिए व्हाट्सप्प ग्रुप ज्वाइन करें
इस संबंध में पीड़िता बुधनी ने बताया कि गुरुवार की दोपहर तीन लोग उसके घर के पास आए और लॉटरी में बड़ा इनाम जीतने का झांसा देने लगे। इन लोगों ने बाइक, कार, बक्सा दिलाने का लालच दिया और आधार कार्ड मांगा।
उनके झांसे में आकर जब वह आधार कार्ड लाकर दी तो उन लोगों ने जबरन एक छोटी मशीन में उसका अंगूठा लगवा दिया। बदले में एक छोटी सी सोलर लाइट और एक कागज की पर्ची देकर वे लोग चले गए।
महिला ने बताया कि उसके खाते में 6 हजार रुपये थे। शुक्रवार को महिला ने प्रज्ञा केंद्र आकर जब खाते की जांच करायी, तो अब उसमें मात्र 200 रुपये ही बचे हैं। धोखाधड़ी की शिकार महिला ने पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगायी है।