पूजा करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरा ऑटो दुर्घटनाग्रस्त, सात घायल, एक रिम्स रेफर
शशि भूषण गुप्ता/बालूमाथ
लातेहार : शुक्रवार को बालूमाथ थाना सीमा क्षेत्र से सटे हेरहंज थाना क्षेत्र के पातम दातम जलप्रपात के समीप सतबहिनी धाम स्थल पर पूजा करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें एक महिला समेत 7 लोग घायल हो गए।
घायलों में हेरहंज थाना क्षेत्र के सलैया ग्राम अंतर्गत मैलम टोला निवासी बालेश्वर भूईया, सुखदेव भूईया, घुटारी भूईया, बिगन भुईयां, फुलदेव भुइयां, बेबी देवी, भुनेश्वर भूईया शामिल है। जिन्हें स्थानीय लोगों की सहायता से बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां पर डॉक्टर अशोक ओड़िया ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
घायलों में बालेश्वर भूईया की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है।
इस घटना में सुखदेव भुइयां और फुलदेव भुइयां का पैर टूट गया है और शरीर की कई अंगों में आंतरिक और गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार उपरोक्त सभी लोग दमदम स्थित सतबहिनी धाम पूजा करने जा रहे थे इसी बीच यह हादसा हो गया।