झारखंड में मौसम ने ली करवट, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना
रांची: झारखंड में दो दिनों तक वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 20 और 22 फरवरी को राज्य के दक्षिणी और मध्य जिलों के कुछ हिस्सों में वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना है।
20 फरवरी को जिन दक्षिणी जिलों में वज्रपात और ओलावृष्टि हो सकती है, उनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां शामिल हैं, जबकि मध्य जिलों में रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ़, हजारीबाग शामिल हैं। इसके अलावा इन जिलों में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
21 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा, जबकि 22 फरवरी को दक्षिणी, मध्य और इससे सटे उत्तर-पूर्वी हिस्सों के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना है। साथ ही राज्य के दक्षिण-पश्चिमी, मध्य और आसपास के उत्तर-पूर्वी हिस्सों के कुछ इलाकों में गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा और लातेहार समेत पश्चिमी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
झारखंड मौसम अपडेट न्यूज