लातेहार: पतकी जंगल में अनियंत्रित कार पेड़ से टकरायी, दो महिलाओं समेत छह घायल
लातेहार : सोमवार की दोपहर सदर थाना क्षेत्र के पतकी जंगल में एनएच-75 पर एक कार (जेएच01डीबी-0825) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गयी। इस हादसे में कार सवार सभी छह लोग घायल हो गये।
घायलों में लक्ष्मी शर्मा, भाई सुशांत शर्मा, नमन कुमार, रितिका कुमारी, तेजस कुमार और चालक अभिमन्यु कुमार सिंह शामिल हैं। सभी घायल पलामू जिले के जपला के जेपी चौक के रहने वाले हैं।
घायल कार चालक अभिमन्यु कुमार सिंह ने बताया कि वे सभी जपला से बोकारो जा रहे थे। लेकिन पतकी जंगल पार करने के दौरान उनके पैर के नीचे ब्रेक के पास पेप्सी की दो लीटर की बोतल फंस गयी। मोड के पास उन्होंने कार मोड़ने की कोशिश की लेकिन कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गयी और एक पेड़ से टकरा गयी।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने सभी घायलों को लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉ. भारद्वाज ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। घायलों में लक्ष्मी शर्मा और नमन कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गयी है।
Latehar Accident News Today