Sunday, January 12, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरझारखंडरांची

झारखंड में कड़ाके की ठंड ने बढ़ायी परेशानी, इन 11 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी, इस जिले में रहा सबसे कम तापमान

झारखंड में कड़ाके की ठंड

रांची: झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बुधवार की सुबह राजधानी रांची में कोहरा छाया रहा। धीरे-धीरे मौसम साफ हो गया। 9 जनवरी को राज्य के 11 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाये रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेंटीग्रेड की गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले 2-3 दिनों में इसमें कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटे के दौरान डाल्टनगंज में हल्की बारिश हुई। 9 और 10 जनवरी को कोहरा छाया रहेगा, जबकि 11 से 14 जनवरी तक कोहरे के बाद आंशिक रूप से बादल छाये रहने की संभावना है।

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में डाल्टनगंज का अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो का अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस संबंध में रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बुधवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे में राज्य के एक स्थान डाल्टनगंज में बहुत हल्की बारिश हुई। राज्य में कुछ स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा भी देखा गया।

झारखंड में कड़ाके की ठंड