लातेहार: तालाब में डूबे बच्चे का 24 घंटे बाद भी नहीं मिला शव, तलाश के लिए पहुंची NDRF की टीम
प्रदीप यादव/हेरहंज
लातेहार : हेरहंज थाना क्षेत्र के नवादा के अंबवाटोली गांव निवासी स्वर्गीय सुधीर उरांव के 10 वर्षीय पुत्र प्रेम कुमार का शव 24 घंटे बाद भी नहीं मिल पाया है। शव को खोजने के लिए चौपारण से गोताखोरों की टीम (एनडीआरएफ की टीम) बुलायी गयी है, जो ट्यूब के सहारे लगातार खोजबीन कर रही है। लेकिन शव नहीं मिल पाया है।

लातेहार विधायक बैजनाथ राम, एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार दास, थाना प्रभारी विक्रम कुमार, उप प्रमुख विजय उरांव, मुखिया प्रीति कुजूर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण सुबह से ही गोताखोरों के साथ घटना स्थल पर मौजूद थे।

आपको बता दें कि शुक्रवार को अंबवाटोली से सटे पुरानी फायरक्ले माइंस खदान के तालाबनुमा गड्ढे के गहरे पानी में नहाने के दौरान प्रेम कुमार की डूबने से मौत हो गयी थी। लेकिन शव को गहरे पानी से बाहर नहीं निकाला जा सका था। शुक्रवार को भी कई ग्रामीणों ने ट्यूब के सहारे खोजबीन की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
गोताखोर टीम के मो आलम, गुड्डू मस्तान ने विधायक बैजनाथ राम और एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम को बताया कि हम लोगों ने कई बार चतरा डीसी व एसपी के अलावे कई नेताओं और मंत्रियों से भी आवेदन देकर ऑक्सीजन की मांग की है। लेकिन आज तक ऑक्सीजन नहीं मिल सका है। जिसके कारण हम लोग कई बार असफल साबित होते हैं। हम लोग बिना ऑक्सीजन के अधिकतम 15 फीट की गहरायी तक अंदर जा सकते हैं। जबकि इस तालाबनुमा गड्ढे की गहरायी 30 फीट से अधिक है। फिर भी प्रयास जारी है।
एनडीआरएफ की टीम शनिवार की दोपहर करीब ढाई बजे घटना स्थल अंबवाटोली एक नंबर पुरानी खदान पहुंची। जहां ऑक्सीजन के सहारे काफी खोजबीन की गयी लेकिन शाम छह बजे के बाद तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
Herhanj Latehar Latest News