झारखंड से संदिग्ध अलकायदा आतंकी शाहबाज गिरफ्तार
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के चान्हो थाना क्षेत्र के चितरी गांव से शुक्रवार को एक संदिग्ध अलकायदा आतंकी को गिरफ्तार किया गया है। स्पेशल सेल दिल्ली और एटीएस झारखंड की टीम ने कांड संख्या 301/24 के आरोपी शाहबाज अंसारी को गिरफ्तार किया है।
झारखंड एटीएस एसपी ऋषभ झा ने शाहबाज अंसारी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और विभिन्न राज्यों की पुलिस की मदद से वर्ष 2024 में देश के खिलाफ विद्रोह करने और गंभीर आतंकी साजिश रचने के आरोप में झारखंड, दिल्ली और राजस्थान में बड़ी कार्रवाई की। झारखंड पुलिस एटीएस ने भारतीय उपमहाद्वीप में अलकायदा के आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया जबकि राजस्थान में प्रशिक्षण ले रहे छह संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनमें से अधिकांश झारखंड के रहने वाले थे। मामले में शाहबाज अंसारी फरार चल रहा था।
इस बीच झारखंड एटीएस और दिल्ली स्पेशल सेल को सूचना मिली कि शाहबाज अंसारी रांची लोहरदगा की सीमा पर स्थित अपने गांव चितरी आया हुआ है। सूचना मिलते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में अब तक झारखंड के रांची के बारियातू से डॉ. इश्तियाक अहमद, हजारीबाग से फैजान अहमद, चान्हो से मो. मोदब्बीर, लोहरदगा के कुडू से मो. रिजवान, मुफ्ती रहमतुल्लाह मझिरी, मतीउर रहमान, इनामुल अंसारी और इल्ताफ अंसारी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पिछले साल गिरफ्तार संदिग्धों में रांची के एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉ. इश्तियाक अहमद की पहचान मास्टरमाइंड के रूप में हुई थी। उस दौरान दिल्ली पुलिस ने दिल्ली में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आये तथ्यों के आधार पर एटीएस के साथ संयुक्त टीम ने 23 अगस्त 2024 को छापेमारी की थी। सबसे पहले एटीएस की टीम ने हजारीबाग से फैजान अहमद को गिरफ्तार किया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर एटीएस की टीम ने रांची के बारियातू जोड़ा तालाब स्थित अल हसन रेजीडेंसी में छापेमारी की, जहां से एटीएस की टीम ने इश्तियाक को गिरफ्तार किया।
16 अगस्त 2024 को एटीएस की टीम ने लोहरदगा के कुडू के हेंजला कौवाखाप गांव में छापेमारी की थी। एटीएस की टीम अल्ताफ उर्फ इल्ताफ की तलाश में यहां पहुंची थी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। छापेमारी के दौरान उसके घर से दो हथियार और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किये गये थे। इस दौरान शाहबाज के घर पर भी छापेमारी की गयी, लेकिन वह फरार मिला।
झारखंड से अलकायदा आतंकी गिरफ्तार