लातेहार: भाभी ने लगाया देवर पर छेड़खानी और मारपीट का आरोप, थाने में अर्जी देकर लगायी न्याय की गुहार
जुगनू/लातेहार
लातेहार : सदर थाना क्षेत्र के बहेराटांड़ निवासी रूबी देवी ने अपने देवर धनजीत कुमार पर छेड़खानी व मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित भाभी ने सदर थाने में अर्जी देकर न्याय की गुहार लगायी है।
लातेहार की ताज़ा ख़बरों के लिए व्हाट्सप्प ग्रुप ज्वाइन करें
रूबी देवी ने आवेदन में बताया है कि वह अपने घर में सिलाई मशीन पर कपड़े सिल रही थी। इसी बीच उसका देवर धनजीत कुमार उसके घर आया और पीछे से उसकी गर्दन पर हाथ रखकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद वह उसके साथ छेड़खानी करने लगा। विरोध किया तो मारपीट करने लगा। जब उसने शोर मचाना शुरू किया तो उसका बेटा बिट्टू कुमार बीच-बचाव करने आ गया। इसी बीच धनजीत ने उसके घर की दीवार में लगे शीशे से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गयी।
आवेदन में कहा गया है कि इसके बाद उसकी ननद मंजीता कुमारी, गोतनी संध्या देवी व सास पुष्पा देवी ने सोने की बाली, सोने की चेन व पर्स में रखे 60 हजार रुपये लूट लिये। बाद में जब वह इस बात की जानकारी देने थाने गयी तो उसके देवर ने उसके घर में ताला जड़ दिया। रूबी देवी ने अपने देवर और उसके बेटे से जान-माल का खतरा बताया है। उसने प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।