लातेहार: बालूमाथ में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
शशि भूषण गुप्ता/बालूमाथ
जीवन में सत्य का आगमन ही पुण्य कर्म है : विनी किशोरी
लातेहार : बालूमाथ स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंडप पंडाल परिसर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बालूमाथ पूर्वी जिला परिषद सदस्य प्रियंका कुमारी, पूर्व विधायक बलजीत राम, समाजसेवी रामजतन साहू, रामजी सिंह आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित व फीता काटकर इसका विधिवत उद्घाटन किया।
मौके पर जिला परिषद सदस्य प्रियंका कुमारी ने कहा कि बालूमाथ जैसे शहर में श्रीमद्भागवत कथा का होना इस क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए बड़ी उपलब्धि है, जहां लोग आकर इस कथा को सुनकर अपना जीवन सार्थक कर सकते हैं।
पूर्व विधायक बलजीत राम ने इस तरह के आयोजन के लिए दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों की प्रशंसा की तथा उन्हें बधाई दी तथा क्षेत्र के लोगों से इस श्रीमद्भागवत कथा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
भागवत कथा के दौरान आज प्रथम दिन राजस्थान की प्रसिद्ध कथा वाचक विनी किशोरी ने कहा कि जीवन में सत्य का आगमन सत्कर्म और सत्य जीवन है, सत्य के बिना सच्चे जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। विनी किशोरी ने उपस्थित महिला-पुरुष श्रद्धालुओं से कहा कि उन्हें श्रीमद्भागवत कथा का निरंतर श्रवण करते रहना चाहिए, इस कथा का एक भी प्रसंग यदि आप अपने जीवन में समाहित कर लें तो आपका जीवन धन्य हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज अधिकांश घरों में सास-बहू, पिता-पुत्र आदि के बीच अनबन रहती है। इसके पीछे एकमात्र कारण सत्य की अज्ञानता और स्वार्थ है। यदि सत्य का ज्ञान हो जाये तो यह बात नजर नहीं आएगी और मानव जीवन सार्थक हो जायेगा।
बालूमाथ में श्रीमद्भागवत गीता कथा का आयोजन 4 अक्टूबर की दोपहर से प्रारंभ होकर 10 अक्टूबर तक चलेगा। श्रीमद्भागवत कथा श्रवण को लेकर बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में काफी आस्था और उल्लास देखा जा रहा है और पहले दिन ही सैकड़ों की संख्या में लोग कथा श्रवण करने पहुंचते देखे गये।
ज्ञात हो कि दुर्गा पूजा समिति कलश स्थापना से लेकर अगले दिन तक कई कार्यक्रम आयोजित करती रही है। विजयादशमी के दिन दोपहर में भंडार का भी आयोजन किया जायेगा। साथ ही सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति द्वारा भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें केदारनाथ मंदिर का मॉडल बनाया जा रहा है।
मौके पर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रवि कुमार सिंह, भाजपा नेता अमित कुमार, शैलेश कुमार सिंह, रवि कुमार रजक, कृष्णा सिंह, लालदेव गंजू, अखिलेश गुप्ता, अशोक कुमार साहू, हिमांशु गुप्ता, विशेष कुमार, संजय ओझा, रामनाथ सिंह, उपेंद्र रंगीला, बबलू चौरसिया, रंजय कुमार सिंह, कैलाश कुमार यादव समेत कई लोग मौजूद थे।
Balumath Latehar Latest News