Sunday, February 16, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरपलामूपलामू प्रमंडल

Palamu Latest News: यहां देखें पलामू से तीन क्राइम की खबरें

Palamu Latest News Today

पलामू : जिले के मनातू थाना क्षेत्र के डुमरी के सिकदा गांव में भैंस का दूध दुहकर लौट रहे संबोधि यादव (65) की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गयी। शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या साबित किया जा सके।

फंदे पर लटके वृद्ध के दोनों हाथ बिजली के तार से बंधे थे। घटनास्थल के पास वृद्ध के जूते, कपड़े व अन्य सामान बिखरे पड़े थे। जमीन विवाद के कारण घटना को अंजाम दिये जाने की चर्चा है। गोतिया परिवार से जमीन विवाद था। घटना की जांच डॉग स्क्वायड से कराने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को तत्काल सफलता नहीं मिली। घटना मंगलवार की अहले सुबह की है। पुलिस जांच में जुटी है। घटना से गांव में सनसनी फैल गयी है। इस संबंध में गोतिया परिवार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज किए जाने की जानकारी मिली है।

परिजनों के अनुसार मंगलवार की अहले सुबह संबोधि यादव घर से आधा किलोमीटर दूर पाही में भैंस का दूध दुहने गए थे। वहां से लौटते समय उनके साथ यह घटना घटी। हत्या से पहले संबोधि यादव की पिटाई की गयी थी। उनके कपड़े बिखरे हुए थे। घटना से पहले हत्यारों ने संबोधि के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था, ताकि आवाज सुनकर कोई परिजन बाहर न आ सके। घर पर चार बेटों में से एक रविंद्र था। सुबह जब रविंद्र ने घर का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो बाहर से बंद पाया। उसने बगल के लोगों को दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई। दरवाजा बंद होने पर रविंद्र को अनहोनी की आशंका हुई। उसने पिता की खोजबीन की तो घर से कुछ दूर पाही में उनका शव फंदे से लटकता मिला।

सूचना मिलने पर लेस्लीगंज के एसडीपीओ मनोज कुमार झा, इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह व थाना प्रभारी निर्मल कुमार उरांव मौके पर पहुंचे। जांच शुरू की। एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाया गया है। पूरे मामले की जांच तेज कर दी गयी है। परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी। जल्द ही इसका खुलासा किया जायेगा।

पलामू : पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र में मंगलवार को अफीम की अवैध खेती के खिलाफ कार्रवाई की गयी। जसपुर के टोला गोरवा के जंगलों में अफीम की खेती कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी निर्मल उरांव कर रहे थे। थाना प्रभारी के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि गोरवा के जंगलों में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज करते हुए पुलिस ने वन विभाग के समन्वय से विशेष छापेमारी दल का गठन किया। दल में थाना प्रभारी के अलावा तुराम पूर्ति, सत्येंद्र कुमार, सशस्त्र बल के जवान और वन विभाग के प्रभारी वनरक्षी अमलेश कुमार पासवान, अमरेश कुमार और आशुतोष कुमार तिवारी शामिल थे।

छापेमारी दल ने जंगल के नाले के पास पहुंचकर सत्यापन किया, जहां पांच लोग अफीम की खेती में लगे थे। पुलिस और वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचते ही खेत में काम कर रहे पांच लोग जंगल की ओर भागने लगे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए खदेड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों की पहचान सत्येंद्र पासवान (40) और लखन यादव (45) के रूप में हुई है। दोनों थाना क्षेत्र के सोहे गांव के रहने वाले हैं।

पलामू: नीलगाय को बचाने के दौरान मंगलवार को एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार दो महिला होमगार्ड समेत आठ यात्री घायल हो गये। इनमें से चार को इलाज के लिए एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

चालक की हालत गंभीर बतायी जा रही है। घटना पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के बरसैता टोला में हुई। घायलों में महिला होमगार्ड जवान नेहा कुमारी और काजल कुमारी, महेश कुमार, चालक मुकेश कुमार समेत अन्य शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार डालटनगंज से यात्रियों को लेकर एक टेंपो नवजयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बरसैता टोला में नीलगाय को बचाने के क्रम में टेंपो पलट गया। गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को इलाज के लिए एमआरएमसीएच भेजा गया, जबकि चार का स्थानीय स्तर पर इलाज किया गया।

नेहा कुमारी और काजल कुमारी दोनों होमगार्ड जवान हैं। दोनों ट्रेनिंग के बाद मेदिनीनगर कमांड आयी थीं। नेहा कुमारी राजहरा की रहने वाली हैं, जबकि काजल कुमारी चूड़ाधोर की रहने वाली हैं। अन्य घायल नवाजयपुर के रहने वाले हैं।

Palamu Latest News