Wednesday, February 12, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरझारखंडरांची

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन की रूपरेखा तय, 14 नवंबर की शाम पहुंचेंगे रांची, करेंगे रोड शो, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

PM Modi’s Jharkhand tour schedule

रांची : भगवान बिरसा मुंडा जयंती और राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 और 15 नवम्बर को झारखंड दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। प्रधानमंत्री दो दिनों तक झारखंड दौरे पर रहेंगे। वह 14 नवंबर को विशेष विमान से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। रात में वे राजभवन में विश्राम करेंगे। 15 नवंबर की सुबह वे सबसे पहले रांची स्थित ‘भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय’ देखने जायेंगे।

इस दौरान प्रधानमंत्री रांची में रोड शो करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री रांची एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिये भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी जिला स्थित उलिहातू के लिए रवाना होंगे। उलिहातू में प्रधानमंत्री भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। साथ ही उनके परिजनों के साथ बातचीत करेंगे। इसके बाद वे खूंटी में ही आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

खूंटी में प्रधानमंत्री लगभग ढाई घंटे तक रहेंगे। प्रधानमंत्री यहां ट्राइबल प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। साथ ही ट्राइबल एचीवर्स से बात करेंगे। इसके आलावा वे भगवान बिरसा मुंडा की धरती से ‘विकसित भारत संकल्प ‘यात्रा’ का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे पीवीटीजी मिशन की शॉर्ट फिल्म और पोर्टल की लॉन्चिंग भी करेंगे। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन होगा। खूंटी में कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से ही रांची एयरपोर्ट आएंगे। उसके बाद अपने विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे।

प्रधानमंत्री के झारखंड दौरे की खबर मिलते ही दीपावली की रात ही झारखंड मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह और डीजीपी अजय कुमार सिंह, गृह सचिव, एडीजी अभियान, आईजी अभियान सहित कई आला अधिकारी शामिल थे। बैठक में प्रधानमंत्री के रोड शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गयी। प्रधानमंत्री के रोड शो को लेकर रांची एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। 14 नवंबर की सुबह से ही रोड के दोनों ओर अधिकांश कट बंद हो जायेंगे। अलग-अलग विंग से 3000 से ज्यादा जवानों को रांची बुलाया गया है।

अपनी छतों और सड़कों के किनारे मोबाइल टॉर्च जलाकर कहें जोहार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रांची आगमन को लेकर सांसद संजय सेठ ने रांची की जनता से प्रधानमंत्री का ऐतिहासिक स्वागत करने की अपील की है। सांसद श्री सेठ ने कहा कि यह हम सबके लिए गौरवशाली क्षण है, जब भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर हमारे जनप्रिय प्रधानमंत्री झारखंड आ रहे हैं। अभी त्योहारों का मौसम चल रहा है। दीपावली से लेकर छठ तक हम कई त्यौहार मनाते हैं। त्योहारों के इस मौसम में प्रधानमंत्री का झारखंड आगमन हम सबके लिए अविस्मरणीय पल होगा।

सांसद श्री सेठ ने रांची की जनता से अपील की है कि प्रधानमंत्री भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रात्रि 8:00 बजे उतरेंगे। वहां से राजभवन के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरान हीनू चौक, बिरसा चौक, डीपीएस चौक, अरगोड़ा चौक, हरमू चौक, सहजानंद चौक, रातू रोड चौक होते हुए प्रधानमंत्री राजभवन जायेंगे। मेरी शहरवासियों से अपील है कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए अपने-अपने घरों के बाहर रंगोली बनायें। सड़कों पर रंगोली बनायें। अपनी-अपनी घरों की छत पर, सड़क के दोनों किनारे खड़े होकर मोबाइल का टॉर्च जलाकर प्रधानमंत्री को जोहार कहें। उन पर पुष्प वर्षा करें।

सांसद ने कहा कि अभी हमने दीपावाली मनायी है। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर भी दीपावली मनायेंगे। एक दीपावली हम सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए भी मनायें । प्रधानमंत्री का ऐसा ऐतिहासिक स्वागत करें कि यह हम सबके लिए भी गौरव की बात हो जाये। सांसद ने शहरवासियों से यह भी अपील किया कि हम झारखंड की संस्कृति के साथ लोक नृत्य के साथ भी प्रधानमंत्री का स्वागत करें।

PM Modi Jharkhand tour schedule