लातेहार: सड़क दुर्घटना में सांसद महुआ मांझी के शरीर के कई हिस्सों की हड्डियां टूटीं, बेटा-बहु भी घायल, मुख्यमंत्री और कल्पना ने जाना हाल
सांसद महुआ मांझी सड़क दुर्घटना में घायल
लातेहार/रांची : राज्यसभा सांसद महुआ मांझी की कार बुधवार की सुबह सदर थाना क्षेत्र के होटवाग गांव के समीप एनएच 39 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। इस दुर्घटना में राज्यसभा सांसद के हाथ में गंभीर चोट आयी है। लातेहार सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद लातेहार थाना प्रभारी दुलड़ चौड़े तत्काल मौके पर पहुंचे और सभी को एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रांची रेफर कर दिया गया। हालांकि डॉक्टरों के अनुसार सांसद की हालत खतरे से बाहर है।
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में महुआ मांझी, उनके बेटे सोमबित मांझी, बहू कृति श्रीवास्तव मांझी और ड्राइवर भूपेंद्र बास्की घायल हो गये।
घटना के समय सांसद का परिवार महाकुंभ में स्नान कर लौट रहा था, इस दौरान उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गयी। बताया जा रहा है कि कार उनका बेटा चला रहा था। इस दौरान नींद आने के कारण कार ट्रक से टकरा गयी। इस दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।
मिली जानकारी के अनुसार सांसद महुआ माझी का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिये लातेहार सदर अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और फिर सभी को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। रांची के ऑर्किड अस्पताल में सभी का इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।
घायल महुआ से मिले मुख्यमंत्री और कल्पना
रांची: सड़क दुर्घटना में घायल राज्यसभा सांसद महुआ माजी से बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। महुआ माजी को एचबी रोड स्थित ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने घायल राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी के इलाज और स्वास्थ्य सुधार से संबंधित जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी और उनका परिवार महाकुंभ में स्नान कर रांची लौट रहा था। बुधवार की सुबह लातेहार जिले के होटवाग गांव के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। इस दुर्घटना में डॉ. महुआ माजी और उनका परिवार घायल हो गया।
सांसद महुआ मांझी सड़क दुर्घटना में घायल