Thursday, April 17, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरउत्तरी छोटानागपुरझारखंड

झारखंड में भीषण सड़क हादसा, चार महिलाओं समेत सात की मौत

झारखंड में भीषण सड़क हादसा

हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड के गोरहर में गुरुवार सुबह कोलकाता से पटना जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गयी। इस हादसे में सात यात्रियों की मौत हो गयी, जबकि 25 से अधिक के घायल हो गये। एसपी अरविंद कुमार सिंह ने हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि की है।

घायलों में पटना निवासी ऋषभ केशरी, विकाश कुमार, रोहन कुमार, हल्दिया निवासी शोमैन सामंता, नंदिता मायती, मनीषा मायती, सुब्रोटो सामंता आईसीयू में भर्ती, रिजु राज, मालदा निवासी कृष्णा मंडल, रंजन दास का नाम शामिल है, जबकि सगुफ्ता प्रवीण, सुजीत उपाध्याय को रांची राजेन्द्र आयुर्वेद संस्थान (रिम्स)-बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। वहीं मृतकों में रिजवान अहमद, हुगली निवासी राज कुमारी प्रसाद, खलासी नालंदा निवासी इस्तेफाक अंसारी, तीन अज्ञात महिला व एक पुरुष की पहचान नहीं हो पायी है।

सूत्रों के अनुसार, सड़क निर्माण के दौरान निर्माता कंपनी ने सड़क काटकर छोड़ दिया है। इस कारण बस अनियंत्रित हो गयी और गड्ढे में पलट गयी। चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और गोरहर थाना की पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। मृतकों में सबसे अधिक संख्या महिलाओं की बतायी जा रही है।

पुलिस के अनुसार विशाल कंपनी की यह बस कोलकाता से पटना जा रही थी। मंजिल पर पहुंचने से पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी अजित कुमार विमल, गोरहर थाना प्रभारी, बरकट्ठा थाना प्रभारी मय फोर्स मौके पर पहुंचे। इसके बाद राहत और बचाव कार्य तेज किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार करवाया जा रहा है।

झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हजारीबाग में हुए सड़क दुर्घटना पर शोक जताया है।

राज्यपाल ने एक्स पर गुरुवार को ट्वीट कर कहा है कि हजारीबाग के बरकट्ठा में हुए सड़क हादसे की घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

वहीं, मुख्यमंत्री ने एक्स पर ट्वीट कर कहा है कि हजारीबाग के बरकट्ठा में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। यहां के गोरहर थानाक्षेत्र में एक बस सुबह गड्ढे में गिर गयी। इसमें कई लोगों की मौत होने की सूचना मिली है। इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक जताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि सड़क हादसे में लोगों के मरने की खबर से मन दुखी है। परमात्मा दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विषम घड़ी सहन करने की शक्ति दें। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल और अन्य घायलों को आवश्यक सहयोग और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।

झारखंड में भीषण सड़क हादसा