Saturday, March 22, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरकोल्हान प्रमंडलझारखंड

झारखंड में पांच नक्सली ढेर, एक महिला नक्सली समेत दो गिरफ्तार, हथियार बरामद

झारखंड में पांच नक्सली ढेर

पश्चिमी सिंहभूम : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित गुवा थाना क्षेत्र स्थित कोल्हान जंगल में सुरक्षाबलों ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में पांच नक्सलियों को मार गिराया। इनमें एक महिला नक्सली भी है। मौके से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। मारे गये नक्सलियों में 10 लाख रुपये का इनामी जोनल कमांडर भी है। जिले के एसपी आशुतोष शेखर ने इसकी पुष्टि की है।

झारखंड में पांच नक्सली ढेर

उन्होंने बताया कि दो नक्सलियों को जीवित पकड़ने में भी कामयाबी मिली है। इनमें एक एरिया कमांडर और एक महिला नक्सली है। मारे गये नक्सलियों में एक जोनल कमांडर, एक एरिया कमांडर, एक दस्ता सदस्य और एक सब-जोनल कमांडर के अलावा एक महिला नक्सली शामिल है। अभी तलाशी अभियान जारी है।

झारखंड में पांच नक्सली ढेर

एसपी ने बताया कि मारे गये नक्सलियों की पहचान जोनल कमांडर कांडे होनहागा उर्फ दिरशुम, सबजोनल कमांडर सिंगराई उर्फ मनोज, एरिया कमांडर सूर्या उर्फ मनता देवगम, दस्ता सदस्य जोंगा और महिला नक्सली कैडर सपनी हांसदा के रूप में हुई है। सपनी को छोड़कर सभी मारे गये नक्सलियों के जिंदा या मुर्दा पकड़ने पर इनाम घोषित था। सिंगराई उर्फ मनोज पर 10 लाख रुपये, कांडे और सूर्या पर क्रमश: पांच लाख और दो लाख रुपये का इनाम पुलिस ने घोषित किया था।

झारखंड में पांच नक्सली ढेर
गिरफ्तार महिला नक्सली

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान टाइगर उर्फ पांडू हांसदा और बतारी बानरा के रूप में हुई है। पांडू हांसदा पर दो लाख रुपये का इनामी एरिया कमांडर है। दस्ता सदस्य बतारी बानरा महिला नक्सली है। गुवा थाना क्षेत्र में भाकपा माओवादी नक्सलियों के एकत्र होने की सूचना पर सीआरपीएफ, झारखंड पुलिस और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम को इस अभियान में यह कामयाबी मिली। कुछ नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल भी रहे।

आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, चमन, कांडे, अजय महतो, सांगेन अगरिया और अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए एकत्र हुए हैं। सूचना के बाद संयुक्त बलों ने एक विशेष अभियान शुरू किया। इस अभियान में चाईबासा पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन और झारखंड जगुआर शामिल थे।

सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ जवानों के जवाबी फायरिंग में पांच नक्सली मारे गये जबकि दो नक्सली भागने के दौरान पकड़े गए। इलाके में सर्च अभियान जारी है। घटनास्थल से अबतक एक इंसास, दो एसएलआर, तीन रायफल और एक नाइन एमएम पिस्टल बरामद किया गया है। आईजी अभियान ने नक्सलियों से आह्वान किया है कि वह हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्य धारा में जुड़कर झारखंड के विकास से जुड़ें और सरकार की नीति के तहत सरेंडर करें। झारखंड पुलिस उनका स्वागत करेगी।

गौरतलब है कि चाईबासा जिले में नक्सलियों का सबसे बड़ा दस्ता मौजूद है। जिले के जराइकेला और टोंटो थाना क्षेत्र में मिसिर बेसरा, पतिराम मांझी, सिंगरई, अजय महतो का दस्ता सक्रिय है। इस दस्ते में 65 नक्सली कैडर हैं। चाईबासा जिले के ही गोइलकेरा और सोनूवा थाना क्षेत्र में मेहनत और अमित मुंडा का दस्ता सक्रिय है। इस दस्ते में 30 नक्सली कैडर हैं।

झारखंड में पांच नक्सली ढेर