Sunday, February 16, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरपलामूपलामू प्रमंडल

फोरलेन टोल निर्माण स्थल पर फायरिंग, मजदूर को लगी गोली, लातेहार के राहुल सिंह का आदमी बताकर अपराधी फरार

पलामू : एनएच 39 डालटनगंज-रांची मुख्य पथ पर मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके में फोरलेन टोल निर्माण साइट पर मंगलवार शाम फायरिंग हुई। सात राउंड गोली चलायी गयी। एक गोली वहां कार्य कर रहे मजदूर के पैर में लग गयी। उसे इलाज के लिए एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया है। गोली चलाये जाने से पास में लगा जेसीबी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस छानबीन में जुट गयी है। दो लोगों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। घटना को बाइक सवार दो अपराधियों ने अंजाम दिया।

जख्मी मजदूर की पहचान पोखराहा के पूर्णाडीह निवासी मनीष भुइयां (23) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार फोरलेन टोल निर्माण साइट कार्य हो रहा था। मिस्त्री एवं मजदूर लगे हुए थे। अचानक एक बाइक पर दो अपराधी पहुंचे एवं काम कौन करा रहा है यह कहते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सात राउंड गोली चलाने के बाद खुद को लातेहार के राहुल सिंह का आदमी बताकर मौके से दोनों डालटनगंज की ओर भाग निकले।

गोली चलते देखकर मिस्त्री एवं मजदूर भागने लगे। इसी क्रम में एक गोली मजदूर मनीष भुइयां को लग गयी। घटना को रंगदारी के लिए अंजाम देने की चर्चा है। हालांकि किस अपराधी संगठन ने इस घटना को अंजाम दिया, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

Palamu Latest News Today