झारखंड में ठंड का कहर जारी, शीतलहर और कोहरे से अभी नहीं मिलेगी राहत
Jharkhand Weather Update News
रांची: झारखंड में इन दिनों ठंड का कहर जारी है। मंगलवार की सुबह राजधानी रांची में कोहरा छाया रहा। धीरे-धीरे मौसम साफ हुआ। बीच-बीच में चल रही हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। गुमला, खूंटी और हजारीबाग समेत कई जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे है। शाम को चल रही शीतलहर ने लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार अभी ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। रांची का तापमान एक बार फिर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। बुधवार को उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी भागों में घना कोहरा छाया रह सकता है। अगले दो दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिलेगा। इनमें गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह कोडरमा, हजारीबाग, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़ साहिबगंज और गोड्डा शामिल हैं। आसमान में बादल साफ रहेगा। 8 और 11 जनवरी को सुबह में कोहरा रहेगा। धीरे-धीरे मौसम साफ हो जायेगा।
पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डाल्टनगंज का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस संबंध में रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने मंगलवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेंटीग्रेड गुमला में दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 29.8 डिग्री सेंटीग्रेड रहा। पिछले 24 घंटे में राज्य में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश हुई। राज्य में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरा भी देखा गया। सबसे अधिक 0.1 मिमी बारिश डाल्टनगंज में दर्ज की गयी।
Jharkhand Weather Update News