लातेहार: बाल दस्ता से रीजनल कमिटी सदस्य तक का सफर तय कर चुका था छोटू खरवार, पत्नी जेल में, तीन बच्चे अच्छे स्कूलों में कर रहे हैं पढ़ाई
प्रदीप यादव/हेरहंज
लातेहार : 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के रीजनल कमेटी सदस्य छोटू खरवार उर्फ छोटू जी मारा गया। बताया जाता है कि छोटू खरवार उर्फ छोटू जी 1998 से माओवादी संगठन के बाल दस्ता से जुड़ा था। वह बाल दस्ता सदस्य से रीजनल कमिटी सदस्य तक का सफर तय कर चुका था। इस तरह वह करीब 26 सालों से माओवादी संगठन से जुड़ा था।
जानकारी के अनुसार छोटू खरवार उर्फ छोटू जी, पिता नरेश सिंह खरवार, हेरहंज थाना क्षेत्र के सिकिद गांव का रहने वाला था। पांच भाइयों में वह तीसरे नंबर पर था। छोटू खरवार को एक बेटा और दो बेटियां हैं। तीनों बच्चों को वह लातेहार के किसी अच्छे स्कूल में रखकर पढ़ाई करवा रहा था। तीनों बच्चों में बेटा आनंद कुमार सबसे बड़ा है, जो 10वीं कक्षा का छात्र बताया जाता है। छोटू खरवार भी 10वीं कक्षा पास करने के बाद संगठन में शामिल हो गया था।
छोटू खरवार की पत्नी ललिता देवी फिलहाल रांची के होटवार जेल में बंद है। एनआईए की टीम ने उसे 2017-18 में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
हेरहंज थाना पुलिस ने सिकिद गांव जाकर छोटू खरवार के घर पर जिला न्यायालय की सरेंडर नीति के तहत सरेंडर करने के लिए कई बार नोटिस चिपकाया था। जब्ती भी की गयी थी। लेकिन उसने सरेंडर नहीं किया।
बुधवार की सुबह उसकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर देखी गयी। गांव में सन्नाटा पसरा रहा। उसके भाइयों के घर में भी सन्नाटा पसरा था। गुरुवार को पोस्मॉर्टम के बाद पुलिस परिजनों को शव सौंपेगी।
लातेहार में माओवादी छोटू खरवार की हत्या