Sunday, February 16, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरझारखंडरांची

प्रेम प्रसंग के चलते घर से भागी थीं रांची हिंदपीढ़ी की दोनों बहनें, प्रेमी समेत पांच गिरफ्तार

प्रेम प्रसंग में घर से भागी थीं रांची हिंदपीढ़ी की दोनों बहनें

रांची: रांची पुलिस ने हिंदपीढ़ी में रहने वाली दो सगी बहनों के रहस्यमय ढंग से लापता होने के मामले को सुलझाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हिंदपीढ़ी कर्नाटक निवासी मो. इस्माइल, हिंदपीढ़ी निवासी जुनैद आलम, मजहर आलम, इमरान खान और काशिद फिरोज शामिल हैं।

एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वे 11 जनवरी की शाम से गायब थीं। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए हिंदपीढ़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी और अज्ञात ऑटो चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसके बाद एसएसपी चंदन सिन्हा के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया, जिसमें कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, डीएसपी केवी रमन शामिल थे। पुलिस की विशेष टीम ने कर्नाटक पुलिस की मदद से दोनों बहनों को कर्नाटक केरल सीमा के पास से बरामद किया।

एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि दोनों लड़कियां मंगल टावर के पास से बूटी मोड़, ओरमांझी, सिकिदिरी होते हुए एक लड़के के साथ ऑल्टो कार में चितरपुर गयी थीं। फिर वहां से ट्रेन से कोडरमा, वाराणसी होते हुए कर्नाटक चले गये। मामले की जांच के लिए एसएसपी ने कर्नाटक के एडीजी और कोप्पल के पुलिस अधीक्षक से सहयोग का अनुरोध किया। उनके सक्रिय सहयोग से दोनों लड़कियों को बरामद कर लिया गया। साथ ही मुख्य आरोपी मो. इस्माइल को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद सभी को हवाई मार्ग से रांची लाया गया।

पूछताछ में बताया कि सभी लोग पहले से परिचित थे। बड़ी बहन रहनुमा परवीन और गिरफ्तार युवक मो. इस्माइल, जो कर्नाटक का रहने वाला है, के बीच प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे। इसी वजह से वे घर से भाग गये थे। वहीं, दोनों की मदद करने के लिए छोटी बहन उनके साथ भाग गयी थी। पूछताछ में दोनों लड़कियां कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही हैं। लेकिन दोनों ने स्वीकार किया है कि वे उस लड़के के बहकावे में आकर घर से निकल गयी थीं। इस मामले में कुछ अन्य लोगों ने भी दोनों बहनों को घर से भागने में मदद की थी। पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेम प्रसंग में घर से भागी थीं रांची हिंदपीढ़ी की दोनों बहनें