रांची: हिंदपीढ़ी इलाके की दो सगी बहनों को लेकर ऑटो चालक फरार
Ranchi Latest News Today
रांची : राजधानी के हिंदपीढ़ी इलाके से दो सगी बहनों के लापता होने के मामले में पुलिस लगातार तकनीकी शाखा के सहयोग से सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें रांची के कांटाटोली चौक के मंगल टावर के पास आधार कार्ड को सुधरवाने गयी थी। इस दौरान दोनों का मोबाईल फोन ऑफ हो गया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाने में शनिवार रात शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित परिजनों ने आशंका जतायी है कि ऑटो में बैठने के दौरान मोबाइल छीन कर दोनों का अपहरण कर लिया गया है। युवतियों की पहचान रहनुमा प्रवीण (20) और अमरीना असगर (18) के रूप में हुई है।
लड़कियों के परिजनों ने बताया कि दोपहर एक बजे आधार कार्ड सही कराने के बाद दोनों लड़कियां अपने घर हिंदपीढ़ी जाने के लिए ऑटो बुक की। इसी दौरान ऑटो चालक दोनों लड़कियों को हिंदपीढ़ी ले जाने के बजाय दूसरे रास्ते से ले गया। दोनों लड़कियों को जब शक हुआ तो उनमें से एक ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। पिता ने बताया कि बातचीत के दौरान चालक ने उनकी बेटियों से मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद उन्होंने दोनों बेटियों से बात नहीं की।
थाना प्रभारी ने रविवार को बताया कि पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस को दोनों के मोबाईल फोन का लास्ट लोकेशन रांची के ओरमांझी इलाके में मिला है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, जिससे दोनों का सुराग मिल सके।
Ranchi Latest News Today