Sunday, January 12, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरपलामू प्रमंडललातेहार

लातेहार: युवक की संदेहास्पद मौत के बाद सड़क जाम, पुलिसकर्मियों से नोकझोंक, पुलिस ने किया बल प्रयोग

लातेहार: गुरुवार को जिला मुख्यालय में सड़क जाम कर रहे कुछ लोगों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग करते हुए बदसलूकी करने के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लातेहार सदर थाना क्षेत्र के पोचरा गांव निवासी आशीष राम का शव महुआडाड़ पुलिस ने बुधवार को लखीपुर से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया। गुरुवार को उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया गया। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या की गयी है।

परिजन आरोप लगा रहे थे कि आशीष को किसी ने फोन करके बुलाया था, लेकिन बाद में परिजनों को सूचना मिली कि उसकी हत्या कर दी गयी है। मृतक के परिजन घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद शव को घर ले जाने के लिए एंबुलेंस की मांग करने लगे। एंबुलेंस मिलने में देरी से आक्रोशित मृतक के परिजनों और कुछ अन्य लोगों ने लातेहार जिला मुख्यालय में एनएच- 75 को जाम कर दिया।

जाम की सूचना पाकर अंचलाधिकारी अरविंद देवाशीष टोप्पो, थाना प्रभारी दुलड़ चौड़े जाम स्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन जब जाम कर रहे लोग पुलिस की बात सुनने को तैयार नहीं हुए, तो पुलिसकर्मियों ने शव को हटाकर एंबुलेंस पर रखना शुरू कर दिया। इस पर जाम कर रहे लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गयी। जाम कर रहे लोगों में से कुछ लोगों ने पुलिस कर्मियों के साथ बदसलूकी भी की, जिससे पुलिसकर्मी भड़क गये और बदसलूकी कर रहे लोगों पर हल्का बल प्रयोग किया और तीन-चार लोगों को हिरासत में भी ले लिया।

थाना प्रभारी ने कहा कि जाम हटाने का प्रयास करते समय कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करेगी।

Latehar Latest News Today