पत्नी से विवाद के बाद बाइक सहित कुएं में कूदा युवक, बचाने गये चार लोग भी डूबे, एक साथ पांच मौतों से गांव में हाहाकार
हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग में बुधवार को कुएं में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गयी। घटना चरही के चुरचू प्रखंड स्थित सरबहा गांव में हुई। एक युवक पत्नी से विवाद के बाद बाइक सहित कुएं में कूद गया, जिससे उसकी मौत हो गयी। उसे बचाने के लिए चार अन्य लोग भी कुएं में उतरे और उनकी भी जान चली गयी।
मृतकों में सुंदर करमाली, राहुल करमाली, सूरज भुइयां, विनय करमाली और पंकज करमाली हैं। विनय करमाली और पंकज करमाली सगे भाई हैं। सभी की उम्र 25 से 28 वर्ष के बीच की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुंदर का पत्नी रूपा करमाली के साथ किसी बात पर विवाद हुआ। इसके बाद सुंदर गुस्से में बाइक लेकर निकला और सीधे कुएं में गाड़ी समेत कूद गया। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास रहने वाले राहुल, सूरज, विनय और पंकज कुएं में उतरे लेकिन वो भी डूब गये।
एक साथ पांच मौत होने से गांव में अफरा-तफरी मच गयी। फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव को बाहर निकालने के लिए कुएं के पानी को मोटर से बाहर निकालना पड़ा। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल कर रही है।
हजारीबाग में कुएं में डूबने से पांच की मौत