Wednesday, January 15, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरझारखंडरांची

झारखंड की चार लोकसभा सीटों पर 62.13 फीसदी वोटिंग, सबसे अधिक जमशेदपुर, सबसे कम रांची में मतदान

झारखंड में छठे चरण का मतदान प्रतिशत

रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि छठे चरण का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया है। मतदानकर्मी इवीएम स्ट्रांग रूम में जमा करने के लिए मतदान केन्द्रों से वापस लौटने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि छठे चरण में 6-गिरिडीह, 7-धनबाद, 8-रांची एवं 9-जमशेदपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के लिए संपन्न मतदान का शाम सात बजे तक मतदान का अनुमानित प्रतिशत 62.13 रहा। इसमें गिरिडीह लोकसभा संसदीय क्षेत्र में 65.44 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं धनबाद निर्वाचन क्षेत्र में 58.90, रांची में 58.73 एवं जमशेदपुर निर्वाचन क्षेत्र में अनुमानित मतदान प्रतिशत 66.79 रहा। उन्होंने कहा कि कुछ मतदान केन्द्रों पर मतदान प्रक्रिया जारी है। देर शाम तक मतदान प्रतिशत के आंकड़े को अपडेट किया जायेगा। पोस्टल बैलेट से हुए मतदान की संख्या जुड़ने के बाद मतदान प्रतिशत में कुछ और वृद्धि होगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी एवी होमकर के साथ सोमवार को संयुक्त प्रेसवार्ता कर रहे थे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदान के दौरान आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के पांच मामले दर्ज किये गये हैं। रांची संसदीय क्षेत्र से एक, जमशेदपुर से 2 एवं गिरिडीह संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से दो मामले दर्ज किये गये हैं। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर के बहरागोड़ा के गुड़बांधा में चुनाव ड्यूटी पर तैनात 38 वर्षीय जॉन मांझी की अचानक तबीयत बिगड़ गयी। उन्हें जमशेदपुर के टीएमएच में ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया। जॉन मांझी रिजर्व में तृतीय मतदान पदाधिकारी के रूप में मतदान केन्द्र पर कार्यरत थे। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता लगने से अबतक 12846.16 लाख की नगद धनराशि एवं सामग्री जब्त किये गये हैं।

राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी एवी होमकर ने कहा कि चारों संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में छठे चरण का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। उन्होंने कहा कि छठे चरण के चारों लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 764 मतदान केन्द्र उन क्षेत्रों में अवस्थित थे, जहां पूर्व में नक्सली गतिविधियां रहीं थीं। इसमें गिरिडीह जिले का पीरटांड़ एवं पारसनाथ तथा बोकारो जिले के झूमरा के क्षेत्र शामिल थे। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए 49,509 जवान लगाये गये थे। उन्होंने कहा कि 38 अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट को सील कर सुरक्षा व्यवस्था दुरूस्त किया गया था। उन्होंने कहा कि मतदान कर्मियों को पूरी सुरक्षा के साथ वापस लाया जा रहा है।

गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 64.44 फीसदी मतदान हुआ। इस लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिसमें सबसे अधिक मतदान टुंडी विधानसभा क्षेत्र में 68.16 फीसदी जबकि सबसे कम बाघमारा में 60.03 फीसदी हुआ है। इसी तरह बेरमो में 62.75, डुमरी में 68.19, गिरिडीह में 63.71 और गोमिया में 65.50 मतदान हुआ। इस लोकसभा सीट से आजसू के चंद्र प्रकाश चौधरी, झामुमो के मथुरा प्रसाद महतो और जेबीकेएसएस के जयराम महतो आमने-सामने हैं।

रांची लोकसभा क्षेत्र में सबसे कम 58.73 फीसदी मतदान हुआ। इस लोकसभा सीट में भी छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिसमें सबसे अधिक मतदान सरायकेला के ईचागढ़ में 75.96 फीसदी जबकि सबसे कम कांके में 54.61 फीसदी हुआ है। रांची में 54.90, हटिया में 55.00, खिजरी में 57.01 तथा सिल्ली में 62.45 फीसदी मतदान हुआ। इस लोकसभा सीट पर भाजपा के संजय सेठ, कांग्रेस की यशस्विनी सहाय आमने-सामने हैं। चुनाव मैदान में जेबीकेएसएस के देवेंद्र महतो भी हैं।

धनबाद लोकसभा सीट पर 58.90 फीसदी लोगों ने मतदान किया है। सबसे अधिक 70.50 फीसदी वोटिंग चंदनक्यारी विधानसभा क्षेत्र में हुई है जबकि सबसे कम बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 49.50 फीसदी वोटिंग हुई है। इसी तरह धनबाद में 54.43, झरिया में 54.49, निरसा में 65.55 तथा सिंदरी में 68.16 फीसदी वोटिंग हुई। धनबाद झारखंड की ऐसी एकमात्र सीट है, जहां से तीनों जेंडर चुनाव मैदान में हैं।

जमशेदपुर में भी अच्छी खासी वोटिंग हुई है। शाम पांच बजे तक चले मतदान में इस लोकसभा क्षेत्र में 66.79 फीसदी मतदान हुआ। सबसे अधिक पोटका में 70.70 फीसदी वोटिंग हुई। बहरागोड़ा में 70.25 फीसदी, घाटशीला में 68.16 फीसदी, जमशेदपुर पूर्वी में 56.66, जमशेदपुर पश्चिमी में 56.34 फीसदी और जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में 67.59 फीसदी मतदान हुआ। इस सीट से भाजपा की टिकट पर विधुतवरण महतो और झामुमो के समीर मोहंती आमने-सामने हैं।

झारखंड में छठे चरण का मतदान प्रतिशत