पलामू: सिविल सर्जन की बेटी की मौत, अगले महीने होने वाली थी शादी, गम में बदली शादी की खुशियां
पलामू : पलामू सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार की इकलौती पुत्री अमृता सुरभि (32) की असामयिक मौत हो गयी। अगले माह 22 जून को उसकी शादी होने वाली थी। दोपहर को कोयल नदी के किनारे राजा हरिश्चंद्र घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में कई डॉक्टर, चिकित्साकर्मी और गणमान्य लोग शामिल हुए।
लातेहार, पलामू और गढ़वा की ताज़ा ख़बरों के लिए व्हाट्सप्प ग्रुप ज्वाइन करें
बताया जाता है कि सिविल सर्जन डॉ. अशोक की पुत्री अमृता सुरभि को सोमवार की सुबह अचानक पेट में दर्द हुआ और फिर वह शौच करने लगी। घर पर कुछ दवाई दी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ तो आनन-फानन में उसे इलाज के लिए एमआरएमसीएच ले जाया गया। यहां करीब 10 मिनट बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन तुरंत शव को जेलहाता स्थित आवास पर ले आये।
सुबह करीब 11 बजे शवयात्रा निकली और कोयल नदी के किनारे पहाड़ी पर स्थित राजा हरिश्चंद्र घाट ले जाया गया। अंतिम संस्कार में गढ़वा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. अंशुमन सागर, डॉ. हरिओम, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. आरके रंजन के अलावा धनंजय त्रिपाठी, बृजेश शुक्ला, डीपीएम दीपक कुमार समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कई चिकित्सा अधिकारी शामिल हुए।
सिविल सर्जन की बेटी अमृता की गत 5 मई को सगाई हुई थी। एमबीबीएस की छात्रा थी। अमृता एक भाई और एक बहन में छोटी थी। भाई ऋषभ कुमार रिम्स में कार्यरत हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। शादी की खुशियां गम में बदल गयी।